सावन में घर बैठे स्पीड पोस्ट से मँगवाएं श्री सोमनाथ और काशी विश्वनाथ मंदिर का प्रसाद
अहमदाबाद/वाराणसी: पवित्र सावन माह में भगवान शिव के भक्तों के लिए डाक विभाग ने एक विशेष सुविधा की शुरुआत की है। अब देश के किसी भी कोने में रह रहे श्रद्धालु प्रथम ज्योतिर्लिंग श्री सोमनाथ मंदिर (गुजरात) और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर (वाराणसी) का दिव्य प्रसाद सीधे अपने घर पर स्पीड पोस्ट के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।
उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने इस विशेष पहल की जानकारी देते हुए बताया कि डाक विभाग ने श्रद्धालुओं की आस्था का ध्यान रखते हुए संबंधित मंदिर ट्रस्टों के साथ समझौता (Agreement) किया है, जिससे अब बिना मंदिर जाए भी भक्त घर बैठे प्रसाद का पुण्य प्राप्त कर सकेंगे।
1. श्री सोमनाथ मंदिर (गुजरात) का प्रसाद
सोमनाथ ट्रस्ट और डाक विभाग के मध्य हुए समझौते के तहत स्पीड पोस्ट द्वारा 400 ग्राम का प्रसाद पैकेट मँगवाया जा सकता है:
- ई-मनीऑर्डर राशि: ₹ 270
- भेजने का पता: मैनेजर, श्री सोमनाथ ट्रस्ट, प्रभास पाटन, जिला- जूनागढ़, गुजरात - 362268
- विशेष निर्देश: ई-मनीऑर्डर फॉर्म पर 'प्रसाद के लिए बुकिंग' दर्ज करना अनिवार्य है।
प्रसाद में शामिल सामग्री (400 ग्राम):
- 200 ग्राम बेसन लड्डू
- 100 ग्राम तिल की चिक्की
- 100 ग्राम मावा की चिक्की
2. श्री काशी विश्वनाथ मंदिर (वाराणसी) का प्रसाद
काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट और डाक विभाग के एग्रीमेंट के तहत नजदीकी डाकघर से ई-मनीऑर्डर भेजकर प्रसाद प्राप्त किया जा सकता है:
- ई-मनीऑर्डर राशि: ₹ 251
- भेजने का पता: प्रवर अधीक्षक डाकघर, वाराणसी (पूर्वी) मंडल, वाराणसी - 221001
प्रसाद पैकेट में शामिल सामग्री:
- श्री काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग की छवि
- महामृत्युंजय यंत्र एवं श्री शिव चालीसा
- 108 दाने की रुद्राक्ष माला एवं मनका
- बेलपत्र, भभूति और रक्षा सूत्र
- माता अन्नपूर्णा से भिक्षाटन करते भोले बाबा की छवि अंकित सिक्का
- मेवा एवं मिश्री का पैकेट
SMS से मिलेगी डिलीवरी ट्रैकिंग
पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि श्रद्धालुओं को उनके मोबाइल नंबर पर स्पीड पोस्ट की पूरी ट्रैकिंग जानकारी SMS द्वारा भेजी जाएगी। इसके लिए ई-मनीऑर्डर फॉर्म में निम्नलिखित विवरण स्पष्ट लिखें:
- पूरा नाम और घर का स्पष्ट पता
- क्षेत्रीय पिन कोड (Pin Code)
- चालू मोबाइल नंबर
सावन के इस पवित्र महीने में जो श्रद्धालु मंदिर पहुँचने में असमर्थ हैं, वे अपने नजदीकी डाकघर जाकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।


0 टिप्पणियाँ