Pages

गोमती नदी को साफ व निर्मल रखा जाए, न दिखे गंदगी : महेन्द्र सिंह

लखनऊ। जलशक्ति मंत्री डॉ. महेन्द्र सिंह ने शनिवार को गोमती बैराज से कैटिल कालोनी तक गोमती बंधे का निरीक्षण किया। नदी से जलकुम्भी निकालने का कार्य देखा। सबसे पहले वह गोमती बैराज पर पहुंचे। यहां बैराज का गेट खुलवाकर देखा। कहा कि गेट की आयलिंग, ग्रीसिंग एवं पेन्टिग कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराया जाए। गोमती नदी को साफ व निर्मल रखा जाए। नदी में गंदगी नहीं दिखनी चाहिए। यह लखनऊ वासियों के लिए जीवन धारा है। 

उन्होंने कहा कि नदी के किनारे विकसित वाटिकाओं का सुंदरीकरण का कार्य सात दिन के अंदर पूरा हो जाए। जो पौधे सूख गए हैं उनके स्थान पर दूसरे पौधे लगाए जाएं। यह निर्देश सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दिया है। जलशक्ति मंत्री ने कहा कि बैराज के सभी गेट चालू अवस्था में रहें। समस्त लाइटें भी ठीक होनी चाहिए। बैराज पर जलकुम्भी एकत्रित न होने पाये। आवश्कतानुसार गऊघाट पर वाटर लेवल दुरुस्त करते हुए जलकुम्भी व गोमती नदी की गाद निकालने फ्लशिंग की जाये। बैराज के चारों तरफ सिंचाई विभाग के जो भी पार्क है उनकी सफाई सुनिश्चित हो।

मंत्री को कैटल कालोनी के पास बंधे का 140 मीटर गैप मिला।मंत्री ने लखनऊ विकास प्राधिकरण से तीन दिन में समन्वय स्थापित कर बजट प्राप्त करने व बंधे का निर्माण जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। इस दौरान विधायक डॉ. नीरज बोरा, प्रदूषण बोर्ड के सदस्य आशीष तिवारी, प्रमुख अभियंता सिंचाई वीके निरंजन, नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी, मुख्य अभियन्ता (शारदा सहायक) अषोक कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता आरके जैन आदि मौजूद रहे।

घैला पुल के पास नदी में लगेगा जाल

घैला पुल के पास गोमती नदी में जलकुम्भी रोकने के लिए जाल लगाया जायेगा। नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी शनिवार को मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य अभियन्ता सिविल महेश वर्मा व मुख्य अभियान्ता आर आर विभाग राम नगीना त्रिपाठी उपस्थित थे। नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी ने निरीक्षण के दौरान घैला पुल के पास तीन दिन के अन्दर गोमती नदी में जलकुम्भी रोकने के लिए जाल लगाने के निर्देश दिये हैं। कहा की इस स्थान पर पुल के पिलर के सहारे जाल लगाकर ऊपर के क्षेत्रों से आने वाली जलकुंभी  को रोकने का कार्य करा लिया जाए। नगर विकास मंत्री आशुतोष टण्डन व महापौर संयुक्ता भाटिया ने शुक्रवार को गोमती नदी से कचरे निकालने का कार्य का निरीक्षण किया था। उन्होने प्रत्येक दिन गोमती नदी में आ रही जलकुंभी को रोकने के लिए जाल लगाने का निर्देश दिया था। इसी के चलते शनिवार को नगर आयुक्त अजय द्विवेदी ने नगर निगम अधिकारियो के साथ घैला इलाके के आसपास गोमती नदी का निरीक्षण करने पहुँचे थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ