Pages

शांति, सहअस्तित्व एवं मुक्ति का मार्ग प्रशस्त करता बुद्ध दर्शन - अर्जुन राम मेघवाल

26 मई 2021 को बुद्ध पूर्णिमा हैं। विश्व को मुक्ति का मार्ग और दुःखों से अंत की राह दिखाने वाले भगवान बुद्ध के अवतरण दिवस को बुद्ध पुर्णिमा के रूप में मनाया जाता है। इस दिन लगभग सारे संसार में भगवान बुद्ध और उनकी शिक्षाओं के बारे में चर्चाएं, वर्कशाॅप, सिम्पोजियम आयोजित किए जाते हैं और चिन्तन-मनन-मन्थन के द्वारा विद्वान लोग तार्किक विश्लेषण भी प्रस्तुत करते हुए इस बात की पुष्टि करतें हैं कि भगवान बुद्ध की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक है। सिद्धार्थ ने राजसी वैभव को त्यागकर ज्ञानप्राप्ति का मार्ग अपनाया और बोधगया में बोधिवृक्ष के नीचे ज्ञान प्राप्त किया और बुद्ध कहलाए। बुद्ध ने ज्ञान प्राप्ति के बाद अपने ज्ञान को संसार में दुःखों से मुक्ति के लिए बांटा। बुद्ध ने सर्वप्रथम अपने 5 साथी भिख्खुओं को सारनाथ में प्रथम उपदेश दिया, जिसे ‘‘धर्म चक्र प्रवर्तन‘‘ कहा जाता है। बुद्ध ने धम्म-उपदेश दिया और पूरे संसार में फैलने का निर्देश दिया। अगले चरण में संघ की स्थापना की और 60 भिक्षु तैयार किए एवं उन्हें 10 दिशाओं में धम्म प्रचार-प्रसार के लिए भेजा।

बुद्ध ने बौद्ध दर्शन के मूल सिद्धांत के रूप में 4 आर्य सत्य की संकल्पना का प्रतिपादन किया, जो निम्न प्रकार हैंः-

1. दुःख: संसार में दुःख है,

2. समुदाय: दुःख का कारण है। दुःख का कारण तृष्णा है।

3. निरोध: दुःख के निवारण हैं,

4. मार्ग: निवारण के लिए अष्टांगिक मार्ग हैं।

बुद्ध ने अपनी शिक्षाओं में कहा कि संसार में दुःख है और मनुष्य जीवनभर दुःखों की श्रृंखला में फसा रहता है। इस दुःख का कारण बुद्ध ने विषयों के प्रति तृष्णा को बताया और इसी तृष्णा के कारण मनुष्य जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्त नहीं हो पाता। भगवान बुद्ध ने निरोध के माध्यम से दुःख निवारण की शिक्षा दी और दुःख निवारण के मार्ग के रूप में आष्टांगिक मार्ग का उपाय बताया एवं कहा कि आष्टांगिक मार्ग का अनुसरण करते हुए मनुष्य जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्त होकर निर्वाण प्राप्त कर सकता है। इन अष्टांगिक मार्ग को मध्यमप्रतिपदा कहा गया। आष्टांगिक मार्ग इस प्रकार हैः-

1. सम्यक दृष्टि: चार आर्य सत्य में विश्वास करना

2. सम्यक संकल्प: मानसिक और नैतिक विकास की प्रतिज्ञा करना

3. सम्यक वाक: हानिकारक बातें और झूठ न बोलना

4. सम्यक कर्म: हानिकारक कर्म न करना

5. सम्यक जीविका: कोई भी स्पष्टतः या अस्पष्टतः हानिकारक व्यापार न करना

6. सम्यक प्रयास: अपने आप सुधरने की कोशिश करना

7. सम्यक स्मृति: स्पष्ट ज्ञान से देखने की मानसिक योग्यता पाने की कोशिश करना

8. सम्यक समाधि: निर्वाण प्राप्त करना

बुद्ध ने इन अष्टांगिक मार्गों को प्रज्ञा, शील और समाधि के रूप में व्याख्यायित किया।

बुद्ध एक ऐसे अद्वितीय महापुरूष हुए, जिन्होंने साधना के सारे प्रयोग अपने शरीर पर किये और बोधिसत्व प्राप्त करके सारे संसार में ज्ञान का प्रसार किया। इसलिए बौद्ध धर्म का उदय भारत में हुआ, यह पनपा भी भारत मंे किन्तु इसका प्रचार-प्रसार पूरे संसार में हुआ। विशेष रूप से भारत के आस-पास के देशों में। 

साधना करते करते भगवान बुद्ध ने शरीर और वीणा की बहुत उपयुक्त व्याख्या की और सारी मानवता को संदेश दिया कि वीणा के तार यदि बहुत ज्यादा कस दिये जायेंगे तो तार टूट सकते हैं और यदि वीणा के तार ढ़ीले छोड़ दिये जायेंगे तो तार होते हुए भी बजेंगे नहीं। इस व्याख्या के द्वारा भगवान बुद्ध ने पूरी मानवता को मध्यम मार्ग का सन्देश दिया जो किसी भी प्रकार की अति से बचने का संदेश देता है। यह मध्यम मार्ग पूरे संसार मंे तेजी के साथ फैला और लोगों ने इसे अपनी जीवनशैली के रूप में अपनाया। इसकी प्रासंगिकता आज भी यथावत बनी हुई है।

तत्कालीन समय में भारत के विभिन्न राजवंशांे एवं राजाओं ने बौद्ध धर्म को अपनाया, इसका प्रसार किया और मुक्ति का मार्ग प्रशस्त किया। सम्राट अशोक ने कंलिग युद्ध के बाद जब मरे हुए शवों को देखा तो उनका हृदय द्रवित हो उठा और मन में शांति की तडपन उत्पन्न हुई। अशोक ने बुद्ध की शिक्षाओं में शांति का मार्ग देखा और बौद्ध धर्म को अपनाया। अशोक ने सारनाथ में ‘‘धर्म चक्र‘‘ बनाया और घोषणा की कि अब युद्ध नहीं शांति चाहिए। सारनाथ आज के समय मंें एक प्रसिद्ध बौद्ध तीर्थ है तथा अशोक स्तम्भ भारत का गौरव है। सम्राट अशोक के समय बौद्ध धर्म मध्य एशिया तक गया और समुद्र के रास्ते इण्डोनेशिया, जावा, चीन तथा जापान तक इसका प्रसार हुआ।

‘‘बुद्ध पूर्णिमा के विशेष दिन पर 20 नवम्बर 1956 को बाबासाहेब डाॅ भीमराव अम्बेडकर द्वारा काठमाण्डू में एक भाषण दिया गया था, जिसकी प्रासंगिकता आज भी विद्यमान है। बाबासाहेब ने उस दिन कहा था कि कार्लमाक्र्स और लाॅर्ड बुद्ध दोनों ही गरीबों को शोषण से मुक्ति दिलाना चाहते थे। गरीब शोषण से मुक्त हो यह दर्शन दोनों के सिद्धान्त में अन्तर्निहित है। जब दोनों के दर्शन का अध्ययन करते हैं तो पता चलता है कि कार्लमाक्र्स कहतें हैं कि गरीबों का शोषण इसलिए होता है क्योंकि समाज में एक शोषक वर्ग है, इसलिए गरीबों का शोषण समाप्त करने के लिए इस शोषक वर्ग को समाप्त करना होगा और इसके लिए वो हिंसा उकसाने को भी अपने सिद्धान्तों में सम्मिलित करतें हैं। इसके विपरीत भगवान बुद्ध शान्ति और अहिंसा एवं दया और करूणा पर आधारित एक दर्शन देते हैं और गरीबों की शोषण से मुक्ति का मार्ग भी बताते हैं। शोषण से मुक्ति के मार्ग को भी वह दुःख दूर करने के उपाय के रूप में ही बतलाते हैं। कार्लमाक्र्स के सिद्धान्तों पर आधारित जीवन दर्शन, वस्तुतः एक अव्यवहारिक दर्शन है जो मंजिल तक नहीं पहुॅचता है, अतः उस पर चलने का कोई फायदा नहीं। यदि कोई रास्ता जंगल में जाता है, अव्यवस्था की ओर बढ़ता है, तो उस पर चलने का भी कोई लाभ नहीं, जबकि इसके विपरीत बुद्ध के सिद्धान्तों पर आधारित जीवन दर्शन एक स्थाई और व्यवहारिक मार्ग है, जिस पर चलकर मनुष्य अपनी मुक्ति का मार्ग भी खोज सकता है और इस दर्शन से विश्व में शांति और सहिष्णुता की स्थापना भी हो सकती है। हाँ ये जरूर है कि बुद्ध का बताया हुआ मार्ग धीमा है, मुश्किलों से भरा है और धैर्य की परीक्षा भी लेता है, लेकिन अन्त में आप सुरक्षित और मजबूत जमीन पर खड़े हो सकते हैं, जिससे आपके जीवन में स्थाई परिवर्तन आ जायेगा। मेरे विचार से धीमी और मुश्किल राह शाॅर्टकट की दौड़ से अधिक बेहतर है। शाॅर्टकट हमेशा खतरनाक होता है। बुद्ध के सिद्धान्त हिंसा की अनुमति नहीं देते हैं, जबकि साम्यवाद में हिंसा की इजाजत है। हिंसा के विषय में जब मैं अपने कम्युनिष्ट मित्रों से पूछता हॅूं तो वो उसका सीधा जवाब नहीं देते हैं। वे अपने सिद्धान्तों को हिंसा द्वारा स्थापित करने में संकोच नहीं करते हैं, जिसे वे सर्वहारा की तानाशाही कहते हंै। इस सिद्धांत के द्वारा वे लोगों को राजनीतिक अधिकार से वंचित रखते हैं। उनका विधायिका में कोई प्रतिनिधित्व नहीं होता, लोगों को वोट का अधिकार नहीं होता। जनता राज्य की द्वितीय श्रेणी की प्रजा बन जाती है। वह सत्ता की भागीदार नहीं होती बल्कि शासित होती है। जब मैंने कम्यूनिस्ट मित्रों से पूछा कि जनता को शासित करने के लिए क्या तानाशाही उचित तरीका हैघ् वे बोले हम तानाशाही पसन्द नहीं करते तब मैंने फिर पूछा फिर आप इसकी अनुमति कैसे देते हैंघ् वे कहते हैं ये अन्तरिम व्यवस्था है और जब मैं अन्तरिम समय की अवधि पूछता हॅूं कि यह अवधि कितनी होगी,  20 वर्ष 40 वर्षघ् तो वे इसका कोई स्पष्ट उत्तर नहीं देते हैं। कम्यूनिस्ट पार्टी के बुद्धिमान लोग यही दोहराते रहते हैं कि सर्वहारा की तानाशाही स्वतः ही समाप्त हो जायेगी। मुझे तानाशाही पसन्द नहीं, हिंसा पसन्द नहीं, मैं शांति, अहिंसा और सहअस्तित्व में विश्वास करता हूं इसलिए मैं भगवान बुद्ध पर आधारित शिक्षाओं को आधार मानकर बौद्ध जीवन के दर्शन के बारे में बता रहा हँू।‘‘

भारत की वर्तमान सरकार यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में मूल रूप से बुद्ध के दर्शन शांति, अहिंसा और सहअस्तित्व के आधार पर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री जी की नीतियों का सार गरीबी को दूर करना है जिससे शोषण समाप्त हो। प्रधानमंत्री जी का मूल ध्येय भी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास है, जिसे भारत सरकार की नीतियों में भी स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। प्रधानमंत्री जी ने विश्व पटल पर यह वक्तव्य भी दिया था कि हमने विश्व को दिये बुद्ध और आपने दिया युद्ध। बुद्ध की शिक्षा में स्वतन्त्रता, बंधुत्व ओर समानता के सिंद्धात समाहित है, जो हमारे संविधान का मूल उद्देश्य में भी परिलक्षित होते हैं। 

आइए हम सभी बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर हिंसा मुक्त, भय मुक्त, शांति, अहिंसा, सहिष्णुता एवं सहअस्तित्व पर आधारित विश्व व्यवस्था बनाने का संकल्प लें और मानव सभ्यता के लिए दुःख और शोषण से मुक्ति का मार्ग प्रशस्त करें। 



 
अर्जुन राम मेघवालकेंद्रीय राज्यमंत्री,

 संसदीय कार्य तथा भारी उद्योग और लोक उद्यम राज्य मंत्री

एवं बीकानेर से लोकसभा सांसद

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ