Pages

वरिष्ठ समाजसेविका संघमित्रा ने बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए दिए 51 हजार

बाढ़ पीड़ित चिन्ता न करें शासन एवं प्रशासन उनके साथ है - गृहमंत्री

दतिया। मध्यप्रदेश के गृहमंत्री डाॅ. नरोत्तम मिश्रा ने इन्दरगढ़ तहसील के ग्राम सुनारी (पाली) में बाढ़ पीड़ितों के लिए बनाये गए राहत शिविर का का अवलोकन कर 100 पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री एवं राहत राशि भी प्रदान की। इस मौके पर लखनऊ से आई वरिष्ठ समाजसेविका संघमित्रा ने बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए कलेक्टर संजय कुमार को 51 हजार की सहायता राशि का चेक भेंट किया। गृहमंत्री डाॅ. नरोत्तम मिश्र ने कहा कि जिले के लोगों को एक नहीं दो आपदाओं का सामना करना पड़ा पहली कोरोना एवं दूसरी बाढ़ रही। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में और बाढ़ के दौरान भी वह अपनी जान की परवाह किए बिना कोरोना मरीजों के वार्डो में जाकर उनका हाल-चाल पूछा, इलाज की जानकारी ली, वही बाढ़ के दौरान फंसे लोगों के पास पहुंचकर हेलीकाॅप्टर से लिफ्ट कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। 

उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वह चिन्ता न करें शासन, प्रशासन आपके साथ है। किसी भी प्रकार की मुसीबत एवं परेशानी आने पर उनके मोबाईल पर बतायें। डा. मिश्रा ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ के कारण अधिकांश परिवार प्रभावित हुए। ऐसी स्थिति में सर्वे कार्य में पूरी पारदर्शिता रखते हुए पात्र एवं गरीब परिवार सहायता लेने से वंचित न रहे। उन्होंने इस मौके पर पाली को आबादी घोषित करते हुए मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य करने के लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिए। 

गृहमंत्री ने इस मौके पर 100 लोगों को राहत सामग्री और 13 लोगों को 6 हजार के मान से राशि के चेक प्रदान किए। कार्यक्रम को पूर्व विधायक राधेलाल बघेल ने भी संबोधित किया। कलेक्टर संजय कुमार ने बताया कि बाढ़ से प्रभावित घरों का सर्वे पूर्ण हो चुका है। 554 आवासों में से 50 प्रतिशत आवास क्षतिग्रस्त हो गए है। बाढ़ पीड़तों को राहत शिविर में ठहरने, खाने, पीने की समुचित व्यवस्था की गई। इस कार्य में दानदाता एवं समाजसेवी संस्थायें भी भरपूर सहयोग दे रही है।

इस अवसर पर कलेक्टर संजय कुमार, पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  अतेन्द्र सिंह गुर्जर, एडीशनल एसपी कमल मौर्य, पुष्पेन्द्र रावत,  जगदीश रावत, नाहर सिंह रावत, राकेश साहू गिन्नी राजा, पूर्व कृषि मंडी उपाध्यक्ष धीरू दांगी, अतुल भूरे चौधरी, आकाश भागर्व, एसडीएम सेवढ़ा  अनुराग निगवाल, तहसीलदार सुनील भदौरिया, तहसीलदार  दीपक यादव, जनपद पंचायत सेवढ़ा ओएन गुप्ता सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ