Pages

उद्यमी संवाद : उद्यमियों ने गिनाईं समस्याएं, महापौर ने दिया ये आश्वासन

उद्यमियों की समस्याओं का होगा निराकरण, बनेंगी रोड, लगेंगी लाइटें

लखनऊ। अमौसी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित सिपेट इंस्टिट्यूट में अमौसी इंडस्ट्रीयल एरिया, सरोजनी नगर इंडस्ट्रीयल एरिया और स्कूटर एंसीलरी के विभिन्न उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों संग महापौर संयुक्ता भाटिया ने बैठक कर उद्यमी संवाद किया। औद्योगिक क्षेत्र में होने वाली विभिन्न समस्याओं को लेकर औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्यों को महापौर के समक्ष रखा और ज्ञापन सौंपा। अमौसी इंडस्ट्रियल एरिया के अध्यक्ष शिव शंकर अवस्थी ने बताया कि 10 वर्षों से भी अधिक समय से उनकी समस्या का कोई समाधान नही हो पाया है। पूर्व की सरकारों ने भी इस क्षेत्र के लिए कई घोषणा की लेकिन धरातल पर कोई काम नहीं दिखा। अमौसी इंडस्ट्रियल एरिया का नगर निगम में अबतक ट्रांसफर नही हो पाया है जिस कारण यहां मूलभूत सुविधाओं की भी कमी है।

उन्होंने बताया कि लखनऊ का अमौसी इंडस्ट्रियल एरिया भारत का एकमात्र इंडस्ट्रियल एरिया है जो एयरपोर्ट से मात्र दो मिनट की दूरी पर है। पैदल भी एयरपोर्ट से व्यक्ति मात्र 5 मिनट में इस औद्योगिक क्षेत्र में पहुंच जाएगा। एयरपोर्ट से यह औद्योगिक क्षेत्र इतना निकट स्थित है। यदि इस क्षेत्र की समुचित कार्ययोजना बने तो यह एक मॉडल इंडस्ट्रियल एरिया हो सकता है। इस पर अपर नगर आयुक्त अभय पांडेय ने बताया कि 20 अक्टूबर को मंडलायुक्त के समक्ष बैठक है जिसमें UPSIDC, NHAI एवं नगर निगम में कार्यों का बंटवारा किया जाएगा। इसके उपरांत हैंड ओवर की प्रक्रिया संभव हो सकेगी। महापौर ने जल्द प्रक्रिया पूर्ण कर नगर निगम को हस्तांतरित करने के लिए निर्देशित किया।

वही उपाध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद राधेलाल ने बताया कि वर्ष 1987 में ही यह क्षेत्र नगर निगम की सीमा में आ गया था। लेकिन तब से लेकर अबतक समस्याएं लगातार बनी हुई है। यहाँ की सबसे बड़ी समस्या जलनिकासी की है। जलनिकासी ना होने के कारण यहाँ सड़के भी खराब हो जाती है।

बैठक में मौजूद अधिशाषी अभियंता पी.के श्रीवास्तव ने बताया कि नाला निर्माण के लिए अमृत योजना के तहत लाने का प्रस्ताव शासन को दिया गया है, जलनिगम के साथ हमारा पत्राचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि अमृत योजना के अंतर्गत एसटीपी सहित जल निकासी हेतु सई नदी तक सीवरेज लाइन डालने की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। जल्द ही इसका समाधान हो जाएगा। 

महापौर ने नगर अभियंता पीके श्रीवास्तव को तबतक तात्कालिक व्यवस्था हेतु अमौसी इंडस्ट्रीयल एरिया में पीछे बनी नहर में एसटीपी बनाकर जल निकासी की व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही महापौर ने उद्यमियों को आश्वस्त किया कि अमृत योजनाओं का पैसा जल्द से जल्द लाने का प्रयास करेंगी।

लघु उद्योग भारती के गौरी शंकर पांडेय ने बताया कि सड़कों के दोनों तरफ फुटपाथ बना हुआ है जिसका कोई औचित्य नही है। फुटपाथ के कारण ही सड़कों का पानी नालों में नहीं जा पाता और सड़कों पर वाहन भी फुटपाथ के कारण खड़े रहते है।महापौर संयुक्ता भाटिया ने नगर अभियंता पीके श्रीवास्तव को जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। महामंत्री रजत मेहरा ने ओ.टी.एस स्कीम फिर लाने की बात कही। जिसपर महापौर ने मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह को गृह कर जमा करने हेतु कैंप लगाने के निर्देश दिए और उद्यमियों से बकाया कर जमा करने की अपील की। जिसपर समस्त उद्यमी प्रतिनिधियों ने 194 में बचे हुए 97 उद्यमियों द्वारा गृहकर जमा करने का आश्वासन महापौर को दिया।

सरोजनी नगर इंडस्ट्रियल एरिया के अध्यक्ष नीलमड़ी वार्ष्णेय ने बताया कि इंडस्ट्रियल एरिया होने के बावजूद यहां लगभग सभी स्ट्रीट लाइट खराब है जिसको बदलने की आवश्यकता है। इसमें अमौसी में लगभग 75, सरोजनी नगर में 75 और UPSIC में भी 50 लाइटें, कुल लगभग 200 लाइटें बंद पड़ी है। इस पर महापौर ने तत्काल फोन कर मुख्य अभियंता राम नगीना त्रिपाठी को लाइटों की जांच कर उसे ठीक करने और खराब लाइट्स को बदलने के लिए निर्देशित किया।

इंटरप्रेन्योर एसोसिएशन के अध्यक्ष बृजेन्द्र कुमार ने बताया कि लगभग 100 मीटर का क्षेत्र ऐसा है जहाँ सीमा विवाद के कारण नो मैन्स लैंड हो गया है जहाँ पर गड्ढे और कीचड़ हो गया है।महापौर ने बैठक में मौजूद जोनल अधिकारी सुभाष त्रिपाठी को नो मैन्स लैंड में तत्काल मिट्टी डलवाकर बराबर करने के लिए निर्देशित किया। महापौर ने बताया कि इंडस्ट्रियल एरिया के समुचित विकास के साथ ही इसको आदर्श औद्योगिक क्षेत्र बनाने लिए समुचित प्रयास करेंगी। जल्द ही UPSIDC से टेक ओवर करने के साथ ही निरंतर संवाद के लिए लोक मंगल दिवस के जैसे ही उद्यमियों के लिये भी हर माह उद्यमी दिवस होगा। जिससे औद्योगिक क्षेत्र संबंधित समस्याओं का निस्तारण तत्काल संभव हो सके।

इस अवसर पर महापौर संग अमौसी इंडस्ट्रियल एरिया के अध्यक्ष शिव शंकर अवस्थी, महामंत्री रजत मेहरा, उपाध्यक्ष राधे लाल यादव, एंटरप्रेन्योर एसोसिएशन के अध्यक्ष बृजेन्द्र कुमार, सरोजिनी नगर इंडस्ट्रियल एरिया के अध्यक्ष नीलमणि वार्ष्णेय, अशोक चावला, दर्पण लखमानी, अपर नगर आयुक्त अभय पांडेय, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह, एक्सईएन, जोन 5 के जोनल अधिकारी सुभाष त्रिपाठी, सिपेट के डायरेक्टर आरएम मिश्रा सहित अन्य अधिकारी और उद्यमी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ