Pages

तेंदुए ने कइयों पर किया हमला, दहशत का माहौल, जाल में फंसने का इंतजार

लखनऊ। राजधानी के कल्याणपुर इलाके में घुसे तेंदुए से दहशत का माहौल बना हुआ है। कल्याणपुर के प्रेसीडेंसी स्कूल के पास तेंदुए ने कई लोगों को जख्मी कर दिया है। तेंदुए के हमले में विनीता रावत, उनका बेटा वीरू और सिपाही ज्ञानेंद्र घायल हो गए हैं। तीनों को इलाज के लिए भेज दिया गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक विनीता पर तेंदुए ने सुबह हमला किया था। वहीं, सिपाही पर जब तेंदुआ हमला कर रहा था तो विनीता के बेटे वीरू ने उसे बचाने के लिए तेंदुए पर ईंट से हमला कर दिया। जिससे भड़का तेंदुआ उस पर झपट पड़ा। 


खबर है कि दो लोगों को जान से मार भी दिया है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस और वन विभाग की टीम पकड़ने के लिये जाल लगा चुकी है। लोग लाठी डंडों से गलियों में घूम रहे हैं। लोगों की भीड़ और हमले से तेंदुआ भड़क गया है। बताया जा रहा है कि तेंदुआ शुक्रवार से ही इस इलाके में टहल रहा है।


यह खबर भी पढ़ें 

राजधानी की इन गलियों में टहल रहा तेंदुआ, देखें और सावधान रहें



तेंदुआ गायत्रीपुरम, कुर्सी रोड पहाड़पुर चौराहे के पास समेत कई अन्य इलाकों में घूमता हुआ दिखाई दिया है। यहां रहने वाली एक महिला ने इसकी पुष्टि की है। कई जगहों पर सीसी कैमरे में तेंदुए की तस्वीर कैद हो गई। तेंदुए को पूजा नर्सिंह होम की पार्किंग में भी टहलता देखा गया। गलियों में टहलता हुआ कंचना बिहारी मार्ग पर स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास देखा गया है। सीसी कैमरे के वीडियो में टहल रहे तेंदुए ने कई घरों में घुसने की कोशिश भी की। कई घरों में घुसा भी और फिर दीवार फांदकर बाहर आ गया। एक गली में कुछ कुत्ते दौड़ते हुए उसके पास आए। इसके बाद उसकी लोकेशन नहीं मिली है। वह कहीं छुपकर बैठ गया है या फिर दूर निकल गया, इसे लेकर लोगों के बीच दहशत का माहौल बना हुआ है। लोगों को डर है कि कहीं वह उनकी कालोनी या घर में न आ जाए। 


वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार तेंदुआ पकड़ने के लिए वन विभाग की दो टीमें लगाई गई हैं। कुर्सी रोड के आसपास देखा गया तेंदुआ उन्नाव वाला नहीं है। वह इतनी लंबी दूरी नहीं तय कर पाएगा।डीएफओ रवि कुमार सिंह ने कुकरैल वन प्रभाग के अधिकारी केपी सिंह के नेतृत्व में एक टीम तत्काल रेस्क्यू के लिए भेज दी। यह टीम पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही है। इलाके के लोगों को लगातार अलर्ट भी किया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ