Pages

अब इस इलाके में तेंदुए ने दी दस्तक, यहां के लोगों को राहत

लखनऊ। बीते चार दिन से दहशत में जी रहे लखनऊ के लोगों के लिए राहत की खबर है। कल्याणपुर, जानकीपुरम के लोग राहत की साँस ले सकते हैं। जिस तेंदुए के डर से बाहर निकलना नहीं हो रहा था, रातों की नींद ग़ायब हो गयी थी। वो तेंदुआ बाराबंकी से सीतापुर क्षेत्र में पहुंच गया है। मिली जानकारी के अनुसार अटरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात 12 बजे क्षेत्र के रैतला गांव में लोग तेंदुए की दहशत से डरे हुए हैं। 


बताया जा रहा है कि यहां विनोद रावत के छप्पर के नीचे बधें तीन माह के बछड़े को जंगली जानवर ने अपना निवाला बनाया है। अन्य बंधे जानवरो की आवाज सुन कर मौके पर पहुंचे गांव वालो ने टार्च की रोशनी की तो तेंदुए को छलांग लगाकर झाड़ी में घुसते हुए देखा। गांव वालों के अनुसार बछड़े के खून से सने पद चिन्ह तेंदुए के साफ साफ दिखाई पड़ रहे हैं।क्षेत्रीय वन अधिकारी के पी सिंह ने बताया कि बछड़े पर हमला करने की जानकारी मिली है। इससे यही कयास लगाया जा रहा है कि तेंदुआ फिलहाल लखनऊ में नहीं है। अभी इसकी पुष्टि की जा रही है। 

तेंदुए के डर से रैतला, चैनपुर, भगवतीपुर, गुलालपुर, महमूदपुर, शिवरा सहित दर्जनों गांव में भय का माहौल है। गांव लोगों के अनुसार रात से अपने अपने दरवाजों के सामने आग जलाकर दस्तक दे रहे हैं। 

ऐसा बताया जा रहा है कि तेंदुआ कुर्सी थाना क्षेत्र के ग्राम निंदूरा से होते हुए अटरिया पहुंच गया है। लखनऊ की गलियों में आतंक मचाने वाले तेंदुए से यहां के लोग डरे हुए हैं। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कमलेश यादव के अनुसार लखनऊ महमूदाबाद मार्ग पर ग्राम पंचायत निंदूरा के ही मजरे ग्राम निगोहा के पास मंगलवार रात करीब 8:30 बजे तेंदुआ अचानक उनकी कार के सामने से निकला। उसकी फोटो नहीं खींच सके। 

कमलेश ने इसकी सूचना कुर्सी पुलिस को दी। वन विभाग को भी सूचना दी गई। चौकी इंचार्ज राममूर्ति कनौजिया ने बताया कि पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है। ग्रामीणों को सतर्क कर दिया गया है। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ