Pages

कथक नृत्य के नाम रही यूपी महोत्सव की दसवीं शाम, उमड़ी भीड़

लखनऊ। प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के तत्वावधान में सेक्टर-"ओ" अलीगंज में स्थित पोस्टल ग्राउण्ड में चल रहे 14वें यूपी महोत्सव में भीड़ उमड़ रही है और लोग जमकर खरीदारी भी कर रहे हैं। महोत्सव एक ओर जहां फूड जोन, फन जोन सहित विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लोगों को लुभा रहे हैं वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र बने हैं। रविवार को दसवीं सांस्कृतिक सन्ध्या का उद्रघाटन प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, उपाध्यक्ष एनबी सिंह, प्रिया पाल और पवन पाल ने दीप प्रज्जवलित कर किया। 

कोविड प्रोटोकाल के तहत आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में आयोजित यूपी महोत्सव की दसवीं सांस्कृतिक सन्ध्या का शुभारम्भ स्वाति, अपूर्वा, उन्नति, किनिष्का, नृतिना, नयनिका, श्रद्धा, वैष्णवी, वंश, कात्यायनी, आध्या, आन्या, अनुपम और ध्रुव शुक्ला ने दुर्गा स्तुति पर आकर्षक नृत्य की प्रस्तुति से किया।

जिसके उपरान्त मंजू मलकानी के नृत्य निर्देशन में आयुष श्रीवास्तव, सेजल यादव, मीनल, रितिमा तिवारी, अक्षरा पटवर्धन, वैष्णवी महाजन और मलखान सिंह ने कथक नृत्य शैली पगे तराने से अपने कार्यक्रम की शुरुआत की। इन कलाकारों ने दादरा रंगी सारी गुलाबी चुनरिया पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शको को मन्त्रमुग्ध किया। 

मन को मोह लेने वाली इस प्रस्तुति के उपरान्त झांसी से आई कथक नृत्यांगना शगुफ्ता खान और कर्णिका तिवारी ने संयुक्त रूप से कथक नृत्य शैली में चलो चली सखी पिया के पास पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की असंख्य तालियां अर्जित की। वैष्णवी शुक्ला, आध्या तिवारी और भाव्या श्रीवास्तव ने सलाम लखनऊ गीत पर अपने नृत्य द्वारा लखनऊ की रवायत को दर्शाया। इस अवसर पर जया सिंह ने राग माल्कौंश में निबद्ध ताल त्रि ताल में तराने की उत्कृष्ट प्रस्तुति दी। तो वहीं दूसरी ओर सपना सिंह ने उपज, थाट, आमद, परन, तोड़े, टुकड़े, तिहाई आदि के द्वारा कथक के पारम्परिक स्वरूप को दर्शाकर दर्शकों को मन्त्रमुग्ध किया। 

दिन में भारतीय दार्शनिक मंच द्वारा सीमा गुप्ता के संयोजन में भाषण प्रतियोगिता हुई। जिसमें शशि त्रिवेदी, तनु सारस्वत, शिवम ने "आत्मनिर्भर भारत का दर्शन" विषय पर अपने विचार व्यक्त किये। इसके अलावा नक्षत्र फाउंडेशन द्वारा योगा फॉर हेल्थ कार्यक्रम भी हुआ। जिसमें दयानंद बाल सदन आरोग्य केंद्र और प्रयाग आरोग्यं केन्द्र के छात्रों ने योग से सरल जीवन जीने के गुर सीखे। इसी क्रम में डॉ. लुब्ना कमाल, डॉ. संगीता अग्रवाल और डॉ. सुप्रिया अग्रवाल ने बेहतर स्वास्थ्य सम्बन्धी सलाह दर्शकों को दी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ