Pages

विधायक डा. नीरज बोरा की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कुछ इस अंदाज में किया जनविश्वास यात्रा का जोरदार स्वागत

लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा)। वर्ष-2017 की तरह वर्ष-2022 में भी उत्तर प्रदेश में भारी बहुमत के साथ सत्ता हासिल करने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने पूरी ताकत लगा दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पार्टी के तमाम बड़े नेता लगातार उत्तर प्रदेश में जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं। वहीं विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा द्वारा निकाली जा रही जनविश्वास यात्राओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया। रविवार को बाराबंकी के रास्ते राजधानी पहुंची जनविश्वास यात्रा लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र में जोरदार स्वागत हुआ। 

शाम करीब सवा पांच बजे केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर के नेतृत्व में जनविश्वास यात्रा ने टेढ़ी पुलिया चौराहा कुर्सी रोड से लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश किया। रिंग रोड, इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहा व मड़ियांव फ्लाई ओवर होते हुए जैसे ही जनविश्वास यात्रा सीतापुर रोड पर पहुँची तो वहां मौजूद पार्टी कार्यकर्ता झूम उठे। हालांकि यात्रा अपने तय समय से करीब 2 घंटे लेट पहुंची लेकिन वहां मौजूद कार्यकर्ताओं के उत्साह में कोई कमी नहीं थी। क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा की अगुवाई में पार्षदों, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भारी पुष्पवर्षा कर यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। जन विश्वास यात्रा का स्वागत कर कार्यकर्ताओं ने विधानसभा चुनाव के लिए बड़ा संदेश दिया है।

विधायक डा. नीरज बोरा के नेतृत्व में कार्यकर्ता जब जन विश्वास यात्रा का स्वागत कर रहे थे तो वह दृश्य पार्टी के लिए बड़ा ही मनोरम रहा। सभी के हाथों में भाजपा का झंडा और लबों पर जय श्रीराम के नारे गूंज रहे थे। कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर योगी सरकार के नारे लगाये। 

इस बीच जब विधायक डा. नीरज बोरा जन विश्वास यात्रा के रथ पर सवार हुए तो कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ गया। रथ पर सवार केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर, महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, विधायक डा. नीरज बोरा ने हाथ उठाकर सभी का अभिवादन किया। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों व जनकल्याणकारी योजनाओं को गिनाते हुये यूपी में एक बार फिर योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनाने की अपील की। जिसके पश्चात यात्रा दुबग्गा के लिए रवाना हो गई।

विधायक डा. नीरज बोरा ने कहाकि जन विश्वास यात्रा में उमड़े अपार जनसैलाब ने यह शंखनाद कर दिया है कि भारतीय जनता पार्टी को वर्ष-2022 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत से विजयी बनाएंगे। उन्होंने सभी का आभार जताते हुए सोमवार को आईआईएम रोड स्थित जॉगर्स पार्क के सामने आयोजित जनसभा में भारी से भारी संख्या में पहुंचने की अपील की। इस दौरान पार्षद प्रदीप शुक्ला, रुपाली गुप्ता, अमित मौर्या, राघवराम तिवारी, पृथ्वी गुप्ता, पूर्व पार्षद बृज किशोर पाण्डेय, रंजीत सिंह, पार्षद प्रतिनिधि दीपक मिश्रा, मंडल अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, रामशरण सिंह, लवकुश द्विवेदी के अलावा सतीश वर्मा, संजय तिवारी, कृपा शंकर मिश्रा, राजीव मेहरोत्रा, राकेश कुमार तिवारी, कमलेश्वर सोनी सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय निवासी मौजूद थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ