Pages

यूपी महोत्सव : बन रहा आधार कार्ड, लग रही वैक्सीन, बदल रहे कटे फटे नोट

लखनऊ। एक ओर जहां फन जोन में लगे तरह-तरह के झूले बच्चों संग बड़ो को आकर्षित कर रहे हैं और स्टॉलों पर भी लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं। वहीं वैक्सीनेशन के साथ ही आधार कार्ड बनवाने व अपडेट करवाने, कटे-फटे नोट बदलने की सुविधा का भी लोग लाभ उठा रहे हैं। प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के तत्वावधान में पोस्टल ग्राउंड अलीगंज में चल रहे 14वें यूपी महोत्सव में एक साथ सभी सुविधाएं मिलने से लोग उत्साहित हैं। एक बार फिर तेजी से बढ़ रहे कोरोना से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से महोत्सव परिसर में शुक्रवार को वैक्सीनेशन कैम्प लगाया गया।

यूपीएचसी रहीम नगर के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. मृदुल सिंह की देखरेख में लगे वैक्सीनेशन कैम्प में एएनएम बीना यादव, मंजू सिंह, साकिब ने अपनी सेवाएं दी। कैम्प में लगभग 100 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। इस दौरान एसीएम पंचम राजेश, यूसीएचसी अलीगंज की अधीक्षिका डा. अनामिका गुप्ता, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी दीवान चंद वर्मा ने भी कैम्प का निरीक्षण किया। उन्होंने सहयोग के लिए आयोजन समिति का भी आभार जताया। संस्था के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि वैक्सीनेशन कैम्प में 15 वर्ष व उससे अधिक उम्र के दर्शकों के अलावा दुकानदार और आम नागरिक भी 11 जनवरी तक वैक्सीन लगवा सकते हैं। कैम्प में प्रतिदिन कोविशिल्ड व कोवैक्सीन दोनों की डोज उपलब्ध रहेगी।

इसके साथ ही यूपी महोत्सव में लगे रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया के स्टाल पर लोगों को धोखाधड़ी से बचाव के तरीके बताने व जागरूक करने के साथ ही पुराने व कटे फटे नोट के बदले नए नोट भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। स्टॉल पर आम जनता को बैंकिंग की सभी जानकारी देने के अलावा उनके साथ बैंकिंग की धोखाधड़ी न हो, इसकी भी जानकारी दी जा रही है। यही नहीं गले, कटे फटे नोट को बदलने के लिए भी काफी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं और सुबह से ही लंबी लाइन लग जाती है। 

यूपी महोत्सव में डाक विभाग का भी स्टाल लगा है। जहां पर नए आधार कार्ड बनाये जा रहे हैं और आधार कार्ड में संशोधन भी किये जा रहे हैं। इसके अलावा पोस्ट ऑफिस की लाभदायक स्कीम की भी जानकारी प्रदान की जा रही है। जिसके लिए भी लोगों की भीड़ उमड़ रही है। आयोजन समिति के अध्यक्ष विनोद सिंह व उपाध्यक्ष एनबी सिंह ने बताया कि बच्चों व युवाओं को महोत्सव में प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए सांस्कृतिक मंच पर मौका मिल रहा है। इसके साथ ही लोगों को जरूरत की अन्य सुविधाएं भी महोत्सव में मिल रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ