लखनऊ। नगर निगम चुनाव का बिगुल किसी भी वक्त फूंक सकता है। ऐसे में जहां विभिन्न राजनैतिक दलों के कार्यकर्ता व नेता टिकट पाने की जुगत में लगे हैं। वहीं समाज के हर वर्ग के लोग भी दावेदारी कर रहे हैं। राजधानी दौरे पर आए केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से भी मिलने के लिए दावेदारों का तांता लगा है। इस बीच पर्वतीय महापरिषद के प्रतिनिधिमण्डल ने भी राजनाथ सिंह से मुलाकात कर लखनऊ नगर निगम चुनाव में महापौर के पद पर पर्वतीय समाज के प्रत्याशी को भारतीय जनता पार्टी का उम्मीदवार घोषित करने की मांग की। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में रहने वाले पर्वतीय समाज के लोगों के लिए आगामी स्थानीय निकाय चुनाव में पार्षद एवं मेयर के टिकटों की मांग की।
प्रतिनिधि मण्डल में मुख्य संयोजक टीएस मनराल, संयोजक केएन चंदोला, अध्यक्ष गणेश चन्द्र जोशी एवं महासचिव महेन्द्र सिंह रावत शामिल थे। प्रतिनिधि मण्डल ने केंद्रीय रक्षामंत्री को 14 से 23 जनवरी 2023 तक आयोजित होने वाले 10 दिवसीय ‘‘उत्तरायणी कौथिग’’ में उद्घाटन के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप आमंत्रित भी किया।


0 टिप्पणियाँ