Pages

मंत्रोच्चार व पूजन संग भारत हस्तशिल्प महोत्सव-2022 का आगाज

लखनऊ। प्रगति पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के तत्वावधान में मान्यवर कांशीराम स्मृति उपवन आशियाना में आयोजित 15 दिवसीय भारत हस्तशिल्प महोत्सव 2022 का शुभारंभ बुधवार को बतौर मुख्य अतिथि मौजूद जगन्नाथ पुरी के प्रधान पुजारी स्वामी मधुसूदन सिंगारी, आयोजन समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, उपाध्यक्ष एनबी सिंह ने वैदिक मंत्रोचार और भगवान जगन्नाथ की आराधना के साथ विधिवत दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

भारत हस्तशिल्प महोत्सव के उदघाटन अवसर पर  जगन्नाथ पुरी के प्रधान पुजारी मधुसूदन सिंगारी, नारायण पांडेय, वृन्दावनधाम से पुरुषोत्तम दास, अयोध्याधाम से प्रद्युम्न प्रियाचार्य, आचार्य प्रदीप, पर्यावरण संरक्षण ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद सिंह, उपाध्यक्ष एनबी सिंह, सचिव प्रिया पाल, पवन पाल ने संयुक्त रूप से भगवान जगन्नाथ की पूजा अर्चना कर गंगा जी, सरयू जी और गोमती जी की आरती कर सभी देवी देवताओं का आवाहन किया। 
संगीत से सजे कार्यक्रम का आरम्भ पुरी डांस एकेडमी उड़ीसा के कलाकारों ने भारत हस्तशिल्प महोत्सव के सांस्कृतिक मंच पर उड़ीसी नृत्य से किया। नृत्याचार्य गुरु नारायण पांडेय के नृत्य निर्देशन में सिमरन नारायण पाण्डेय, सौभागिनि स्वाई, अंकिता कानूनगो, कविता परिड़ा, सावित्री महापात्र और हरप्रिया खूंडिया ने उड़ीसी नृत्य शैली में पगे दशावतार बैले में भगवान विष्णु के दस अवतारों को नृत्य रुपों में प्रस्तुत कर दर्शकों को भगवान विष्णु की भक्ति के सागर में आकन्ठ डुबोया। उड़ीसी कलाकारों ने नवदुर्गा नृत्य बैले में भगवती देवी दुर्गा के नव रूपों के दर्शन कलाप्रेमी दर्शकों को कराए।
मन को मोह लेने वाली इस प्रस्तुति के उपरान्त वीणा वरदायिनी डांस ग्रुप के कलाकारों दिशा गुप्ता, सोनाल गौर, खुशबू, आदित्य सिन्हा और नीतू निषाद ने अरुण विशाल के निर्देशन में वक्रतुण्ड महकाय पर भावपूर्ण अभिनय युक्त नृत्य प्रस्तुत किया। आर्गेश डांस एकेडमी के आर्यन, आकाश, शेखर, अर्चना, अनुज, अनमोल, अभिषेक, शिवम और सर्वेश ने संयुक्त रूप से मां तुझे सलाम गीत पर आकर्षक नृत्य की प्रस्तुति से देशभक्ति की अलख जगाई।
शालिनी डांस ग्रुप की ओर से अंशीका, रितिका, आशिका, सृष्टि, मुस्कान, ऋचा, माहिरा, शालिनी गुप्ता और दिव्या ने राजस्थानी घूमर नृत्य की मनोरम छटा बिखेरी। इसी क्रम में निशी मिश्रा के नृत्य निर्देशन में दक्षिता, विदुषी, अंशिका और तान्या ने दक्षिण भारतीय शास्त्रीय नृत्य शैली भरतनाट्यम में पगे गणेश पंचाक्षर, शिव स्तुति और दुर्गा स्तुति में भगवान गणेश, भगवान शिव शंकर और माता दुर्गा की महिमा को प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम का संचालन अरविंद सक्सेना और सम्पूर्ण शुक्ला ने किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ