Pages

महापौर व 110 पार्षदों के शपथ की तारीख तय, कार्यक्रम में यह रहेगा खास

लखनऊ। नवनिर्वाचित महापौर और 110 वार्डों के पार्षद 26 मई को शपथ लेंगे। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के ज्यूपिटर हॉल में कार्यक्रम का आयोजन होगा। दोपहर करीब 12.30 बजे शपथ ग्रहण शुरू होगा। लखनऊ की कमिश्नर डॉ. रोशन जैकब महापौर को शपथ दिलाएंगी। इसके बाद मेयर सभी पार्षदों को  शपथ दिलाएंगी। कार्यक्रम के लिए शहर में करीब 1500 लोगों को आमंत्रण दिया गया है। कार्यक्रम में पार्षद अपने पांच करीबियों को भी अपने साथ ला सकते हैं।

कार्यक्रम को पूरी तरह से जीरो वेस्ट इवेंट के तौर आयोजित करने की तैयारी है। नगर निगम ने इसकी पूरी कार्ययोजना बना ली है। कार्यक्रम में प्लास्टिक की पानी की बोतल व  डिस्पोसेबल का उपयोग नहीं होगा। पीने के पानी के लिए 20 लीटर पानी की बोटल मय पेपर कप उपलब्ध रहेगा। प्रत्येक स्टाल पर हैंड सेनेटाइजर और उनके समीप स्वच्छता शुभकर कट आउट लगे होंगे। कार्यक्रम स्थल पर जैविक व अजैविक कचरे के लिए कूड़ेदान की व्यवस्था होगी। कचरे के पृथक्कृत संग्रहण के लिए मिनी एमआरएफ सेंटर पर की व्यवस्था की जाएगी जिससे अलग किये हुए कचरे को सीधे रिसाइक्लर को भेजा जा सकेगा। कार्यक्रम में बायो डिग्रेडेबल कटलरी व प्लेट का उपयोग होगा या बर्तन बैंक का उपयोग भी किया जा सकता है। बचे हुए भोजन के लिए संस्थाओं के माध्यम से वितरण कराया जाएगा या फिर ऑन साइट कम्पोस्टिंग की व्यवस्था रहेगी। पेपर नैपकिन का उपयोग नहीं होगा। पानी सम्बंधी संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम की सजावट के लिए प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं होगा। आयोजन स्थल के प्रवेश द्वार पर डिजिटल साइन बोर्ड लगा होगा जिसमें जीरो वेस्ट इवेंट को प्रदर्शित किया जाएगा। पंजीकरण के लिए कागज का इस्तेमाल नहीं होगा। टैबलेट या लैपटाप पर पंजीकरण किया जाएगा। मेहमानों व प्रतिभागियों के नेम टैग गत्ते व कागज के होंगे। स्मृति चिन्ह् गमछा, कपड़े का मास्क आदि के साथ ही पेन व किट इको फ्रेंडली होगी। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ