Pages

विद्युत अभियन्ता संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी

लखनऊ। विद्युत अभियन्ता संघ की केन्द्रीय कार्यकारिणी की रविवार को लखनऊ में हुई बैठक में प्रदेश भर से आये पदाधिकारियों एवं अन्य अभियन्ताओं ने समस्याओं के सार्थक समाधान हेतु प्रबन्धन द्वारा सकारात्मक सहयोग प्रदान न करने पर गहरी चिन्ता जताई। विद्युत अभियन्ता संघ के अध्यक्ष राजीव कुमार सिंह एवं महासचिव जितेन्द्र सिंह गुर्जर ने बयान जारी कर बताया कि 19 मार्च 2023 को ऊर्जा मंत्री अरविन्द कुमार शर्मा द्वारा सार्वजनिक तौर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए ऊर्जा निगम शीर्ष प्रबन्धन को विगत आन्दोलन के कारण की गयी समस्त उत्पीड़नात्मक कार्यवाहियाँ वापस लेने हेतु दिये गये स्पष्ट निर्देशों के बावजूद लगभग ढाई माह से ज्यादा समय व्यतीत होने पर भी कार्यवाहियाँ वापस न होने से अभियन्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। 

बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि यदि निलम्बन, कारण बताओ नोटिस, एस्मा के तहत दर्ज एफआईआर आदि उत्पीड़न की समस्त कार्यवाहियाँ तत्काल वापस न ली गयी तो उप्र राविप अभियन्ता संघ लोकतांत्रिक ढंग से समस्त ध्यानाकर्षण कार्यक्रम, आंदोलन करने हेतु बाध्य होगा। जिसकी सारी जिम्मेदारी ऊर्जा निगमों के शीर्ष प्रबन्धन की होगी।पदाधिकारियों ने बताया कि धरातल पर कार्य करने हेतु न तो यथाआवश्यक न्यूनतम तकनीकी समय प्रदान किया जा रहा है और न ही मैन, मनी, मैटीरियल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इसके विपरीत अभियन्ताओं को बात-बात पर दण्डित किया जा रहा है जिससे ऊर्जा निगमों में कार्य का स्वस्थ वातावरण नहीं मिल पा रहा है। अभियन्ताओं के साथ मारपीट की घटनायें व जानलेवा हमले बढ़ते जा रहे हैं किन्तु इनकी सुरक्षा की गारण्टी हेतु कोई कदम नहीं उठाये जा रहे है। जिससे जहां एक ओर अराजक तत्वों का मनोबल बढ़ता जा रहा है। वहीं दूसरी ओर अभियन्ताओं के मनोबल पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है एवं वे अत्यन्त मानसिक कष्ट में हैं। साथ ही ऊर्जा निगमों में अभियन्ताओं के रिक्त पदों पर विगत 02 माह से अकारण ही प्रोन्नति आदेश निर्गत नहीं किये जा रहे हैं जिससे अभियन्ताओं के मनोबल पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है।

बैठक में राजीव सिंह, प्रभात सिंह, जितेंद्र सिंह गुर्जर, अवधेश कुमार, आलोक कुमार श्रीवास्तव, जगदीश पटेल, अजय द्विवेदी, कृष्णा सारस्वत, राहुल बाबू कटियार, सुबोध झा, एके सिंह, सौरभ सिंह यादव, देवेन्द्र सिसोदिया, रोहित सिंह, आलोक त्रिपाठी, रॉबिन शर्मा, अमित त्रिपाठी, सौरभ मंगला, अनूप उपाध्याय, संदीप प्रजापति, शरद प्रताप, एसपी सिंह, संतोष पाठक, राहुल वर्मा, संजय सागर आदि समेत भारी संख्या में अभियन्ता उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ