Pages

अवधी लोकगीतों संग देशभक्ति गीतों पर नृत्य से मचाया धमाल

भारतीय नववर्ष मेला व चैती महोत्सव द्वितीय संध्या 

लखनऊ। श्रीराम लीला मैदान ऐशबाग में चल रहे भारतीय नववर्ष मेला व चैती महोत्सव 2022 की द्वितीय संध्या में अवधी लोकगीतों संग देशभक्ति नृत्य ने समां बांधा। महोत्सव 2022 का उदघाटन श्रीराम लीला समिति के अध्यक्ष हरीश चन्द्र अग्रवाल, सचिव पं. आदित्य द्विवेदी और मयंक रंजन ने दीप प्रज्जवलित कर किया।

चैती महोत्सव की द्वितीय सांस्कृतिक संध्या का शुभारम्भ मोहिनी द्विवेदी ने देवी गीत "धीरे धीरे हो मैया धीरे धीरे..." से कर श्रोताओं को देवी दुर्गा की भक्ति से सराबोर कर दिया। मोहिनी ने अपनी खनकती हुई आवांज में चइती- कोयल तोरी बोलिया, देशभक्ति गीत "सीमवा पे करेला लड़ाईया हो...", लोकगीत "पटना से बैदा बुलाई द...",  "रेलिया बैरन पिया को लिए जाए रे...", "होली गीत कन्हैया घर चलो रे गुईया आज खेले होली..." और "होली खेले रघुवीरा अवध में..." सुनाकर श्रोताओं का दिल जीता।

मन को मोह लेने वाली इस प्रस्तुति के बाद जूही कुमारी के नृत्य निर्देशन में पीहू, जूही, अंकित, अंशु, चन्द्रभाष सहित अन्य कलाकारों ने "यह देश है वीर जवानों का..." और "वंदेमातरम..." जैसे देशभक्ति गीतों पर नृत्य कर लोगों में देशभक्ति की भावना जागृत की। आशुतोष द्विवेदी ने अपनी खनकती हुई आवाज में "मेरा रंग दे बसंती चोला..." से अपने कार्यकम की शुरुआत कर सूफी गीत "तू माने या ना माने दिलदारा..." के साथ गजल "मै हवा हूं..." को सुनाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

दिल को जीत लेने वाली इस पेशकश के बाद राज बोकारिया पोरबन्दर गुजरात के निर्देशन मे कलाकारों ने ढाल तलवार रास की आकर्षक प्रस्तुति देकर दर्शको को आश्चर्यचकित कर दिया। इसी क्रम में संस्कृति कारवां ग्रुप के कलाकारों ने अवधी लोकनृत्य की मनोरम छटा बिखेरी।

संगीत से सजे कार्यकम के अगले क्रम में संस्कृति और ओम ने गणेश वंदना "गाइए गणपति जगवन्दन..." पर भावनृत्य प्रस्तुत किया। अनुश्रुति  बाजपेई और शैलेंद्र सक्सेना के निर्देशन में शालिनी बाजपेयी और मीता चक्रवर्ती ने "रंग न डालो ना गिरधारी..." व "होली खेले रघुवीरा...", अनुश्रुति बाजपेई, कर्तव्य मिश्रा, अंशिका तिवारी, देवांश तिवारी ने "होली खेले मसाने में...", विदुषी शुक्ला ने "चुनरी जयपुर से मंगवाई...", अर्थ जोत कौर ने मालिनी अवस्थी के गाए बालम छोटे से, अनुभूति बाजपेई और शालिनी बाजपेई ने फ्यूजन -ठाणे राहियों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोहा। 

अंकिता बाजपेयी ने "बाजे अयोध्या में बधाई देखो जन्मे प्रभु राम..." पर नृत्य प्रस्तुत कर दर्शको को भगवान श्रीराम की भक्ति के सागर में आकन्ठ डुबोया। निधि तिवारी के नृत्य निर्देशन मे येशु वर्मा, पर्णिका श्रीवास्तव और आद्या बिस्ट ने "दुर्गे दुर्गे जय जय दुर्गे..." पर नृत्य कर भगवती देवी दुर्गा के नौ रूपों के दर्शन उपास्थित भक्तों को करवाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ