लखनऊ। कोरोना महामारी में कभी ऑक्सीजन किल्लत दूर न होने पर धरने पर बैठने की चेतावनी दी तो कभी स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सिस्टम पर सवाल उठाया, तो अपनी जान जोखिम में डालकर अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे बैंककर्मियों, बैंक अधिकारियों व बैंक मित्रों को प्राथमिकता के आधार पर वैक्सीनेशन की सुविधा मुहैया कराने के लिये मुख्यमंत्री को पत्र लिखा। कोरोना संकट की इस घड़ी में आम जनमानस की समस्यों को निरंतर उठा रहे मोहनलालगंज क्षेत्र से भाजपा सांसद कौशल किशोर ने बुधवार को एक बार फिर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा। इस बार उन्होंने कोरोना कर्फ्यू में रोजी रोटी व आर्थिक संकट का सामना कर रहे व्यापारी समाज की समस्याओं को दूर करने की मांग की है।
पत्र में सांसद कौशल किशोर ने लिखा कि कोविड-19 महामारी से निपटने के लिए जारी कोरोना कर्फ्यू के चलते बाजार व दुकानें बंद होने से व्यापारी समाज काफी परेशान है और आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुरोध किया कि व्यापारियो की हितों को ध्यान में रखते हुए 31 मई के बाद प्रातः 10 बजे से शाम 6 बजे तक दुकानों को खोलने की अनुमति दी जाये। जिससे व्यापारियों को कुछ राहत मिल सके। "वॉयस ऑफ कैपिटल" से बातचीत में सांसद कौशल किशोर ने कहाकि सीएम के ओएसडी व डीएम से बात हुई है और 31 मई के बाद दुकानें खुल जाएंगी।जनहित उद्योग व्यापार मंडल ने सांसद को सौंपा ज्ञापन
बुधवार सुबह जनहित उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष केके अवस्थी के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद कौशल किशोर से उनके आवास पर मुलाकात कर दुकानें खुलवाने की मांग की थी। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को सम्बोधित पांच सूत्रीय मांग पत्र भी सांसद कौशल किशोर को सौंपा। इस दौरान सांसद ने मुख्यमंत्री के ओएसडी व जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश से इस सम्बंध में फोन पर वार्ता भी की।
प्रदेश अध्यक्ष केके अवस्थी ने कहाकि कोरोना के कारण विगत डेढ़ वर्षो में व्यापारियों की स्थिति लॉकडाउन के कारण अत्यंत दयनीय हो गयी है। अधिकांश व्यापारियों के समक्ष व्यापार करना दुर्लभ हो गया है। लॉकडाउन से सबसे ज्यादा व्यापारी प्रभावित है। बावजूद उसके व्यापारी हित में सरकार की कोई नीति नही है। व्यापारियों ने सवाल किया कि जब शराब की दुकानें खुल सकती हैं तो बाजार खोलने की अनुमति क्यों नहीं दी जा रही है। प्रतिनिधिमंडल में संगठन के महानगर अध्यक्ष राकेश कुमार रस्तोगी, संगठन मंत्री विवेक श्रीवास्तव, हरिओम सोनी, आशीष रस्तोगी कमलेश्वर सोनी, विनय कुमार, शुभम जोशी, रमेश यादव, अनुपम अग्रवाल, आरके यादव, डानी, लाखन व राजेश गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी व व्यापारी मौजूद रहे।गौरतलब है कि कोरोना कर्फ्यू में आवश्यक सेवाओं के साथ ही शराब की दुकानें भी खुली हैं, सड़कों पर ऑटो, टैंपो व ई रिक्शा सहित निजी वाहन फर्राटा भर रहे हैं। केवल बाजार बंद हैं और दुकानों के शटर ही नहीं उठ रहे हैं। यह हाल तब है जब अप्रैल में स्थिति भयावह होने पर व्यापारियों ने खुद बाजार व दुकानों में लॉकडाउन लगाकर कोरोना से जारी जंग में अपना पूरा सहयोग दिया था और सरकार से लॉकडाउन लगाने की भी मांग की थी। जबकि उस उक्त सरकार ने कोरोना कर्फ्यू नहीं लगाया था। ऐसे में अब बाजारों को खोले जाने की मांग तेज हो गई है।





0 टिप्पणियाँ