लखनऊ। राजधानी के अलीगंज स्थित नेहरू बाल वाटिका में 100 फीट का राष्ट्रध्वज स्थापित किया गया है। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सोमवार को क्षेत्रवासियों की उपस्थिति में विधायक डा. नीरज बोरा ने तिरंगा ध्वज का राष्ट्रार्पण किया। विधायक निधि से स्थापित यह ध्वज लखनऊ उत्तर क्षेत्र का पहला सबसे ऊंचा स्थायी राष्ट्रध्वज है।
समारोह को सम्बोधित करते हुए विधायक डा. नीरज बोरा ने कहा कि मेरी माटी मेरा देश एवं हर घर तिरंगा अभियान पूरे भारत में उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। देश के लिए प्राण-न्यौछावर करने वाले वीरों के सम्मान में 21 दिन का राष्ट्रव्यापी अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश भर में राज्यों, गांवों और ब्लॉक स्तर के साथ-साथ स्थानीय शहरी निकायों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही वीरों के सम्मान में पंच प्राण प्रतिज्ञा, वसुधा वंदन और वीरों का वंदन जैसे कार्यक्रम हम सबके लिए गौरव प्रदायक हैं। 'अमृत वाटिका' बनाने के लिए सात हजार पांच सौ कलशों में देश के कोने-कोने से मिट्टी लाई जा रही है जो 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की प्रतिबद्धता का प्रतीक होगी।उन्होंने कहा कि लखनऊ उत्तर में हर घर तिरंगा अभियान चल रहा है। हमने सम्पूर्ण क्षेत्रवासियों की ओर से सौ फीट ऊंचे इस तिरंगे को स्थापित कराया है जो अनवरत लहराएगा और झंडा ऊंचा रहे हमारा का संदेश देगा।
0 Comments