लखनऊ। लखनऊ नगर निगम इन दिनों सुर्खियों में है। स्वच्छता सर्वेक्षण में तीसरी रैंक मिलने से पूरा नगर निगम हर्ष उल्लास में है। तो महापौर और पार्षदों के बीच चल रहा मतभेद भी दिल्ली तक पहुंच चुका है। पिछले दिनों म्यूटेशन और मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए दो कर्मचारियों पर घूस मांगने के आरोप लगे, उनका वीडियो भी वायरल हुआ। अब ताजा प्रकरण धर्मांतरण से जुड़ा है। नगर निगम के जोन तीन में तैनात एक टैक्स इंस्पेक्टर पर आरोप लगे हैं कि उसने हिन्दू महिला का धर्मांतरण करा निकाह कर लिया है। यह मामला तब और भी चर्चा में भी है जब पूरे देश में अवैध धर्मान्तरण की खबरें चल रही हैं।
नगर निगम के टैक्स इंस्पेक्टर को पति बताते हुए चौक इलाके की महिला ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज कराई है। महिला के मुताबिक पति का पहली पत्नी से विवाद कोर्ट में चल रहा था। इसे छिपाते हुए उससे निकाह किया। वहीं, दो शादियां छिपाकर एक हिंदू महिला को जाल में फंसाया। उसका धर्मांतरण कराकर बिना तलाक दिये ही निकाह कर लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर जानलेवा हमले करने लगे। दहेज में स्कार्पियो की मांग की। विरोध करने पर मारपीटकर घर से भगा दिया। इंस्पेक्टर चौक नागेश उपाध्याय के मुताबिक कोर्ट के आदेश पर पति, ससुर और ननद समेत सात ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है।
महिला की तहरीर के मुताबिक एक अगस्त 2021 को उसका निकाह नवल किशोर रोड निवासी मो. इमरान के साथ हुआ था। आरोप है कि निकाह में एक लाख, ग्यारह हजार मेहर दी गई थी। इसके अलावा अन्य तमाम सामान दिया गया था। 10 लाख रुपये का खर्च हुआ। निकाह के बाद पति, सौतेली ननद रफत खान, फरहते खान, फिरदौस जाफरी, जेठ आदिल और ससुर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। स्कार्पियो की मांग की गई। इस पर आपत्ति करने पर उसके साथ मारपीट करने लगे। इस बीच गर्भवती हो गई। धोखे से दवा खिलाकर गर्भपात भी करा दिया। दबाव बनाने पर तीन लाख रुपये की व्यवस्था करके मायके वालों ने दिया। 24 जनवरी की रात ससुरालीजनों ने बेल्ट और डंडों से जमकर पीटा। गला दबाकर मारने की कोशिश की। भगा दिया और बोला कि 20 लाख रुपये लेकर आना तो रहने दिया जाएगा।
महिला के मुताबिक उसकी पिटाई करने के बाद आरोपियों ने एक सादे पेपर पर दस्तखत करा लिये थे। आरोप है कि कर निरीक्षक की पहली पत्नी कायनात थीं। उनसे भी कोर्ट में विवाद चल रहा है। उससे निकाह के पहले कहा था कि कायनात से तलाक हो चुका है। झूठ बोलकर निकाह कर लिया। बाद में इसकी जानकारी हुई। वहीं, पति ने एक हिंदू महिला का धर्मांतरण कराकर उससे तीसरा निकाह कर लिया। विरोध किया तो फर्जी मामले में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी। इसकी लिखित शिकायत चौक थाने में की थी पर पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। इसके बाद उच्चाधिकारियों को 26 दिसंबर 2024 को डाक से पत्र भेजा। फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद कोर्ट में अपील की। कोर्ट के आदेश पर शनिवार को चौक थाने में आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुआ। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आरोप है कि पति के पास कुछ निजी वीडियो है। जिसे वह सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते है। उन्होंने इस संबंध में कई बार व्हाट्सएप पर मैसेज कर भी धमकी दी थी। ससुराल में रहने के दौरान पति ने कुछ आपत्तिजनक वीडियो भी अपने मोबाइल पर बना लिए थे। इस संबंध में व्हाट्सएप पर दी गई उनके द्वारा दी गई धमकी के साक्ष्य भी हैं। पीड़िता ने बताया कि चूंकि वह नगर निगम में अधिकारी हैं इस लिए आए दिन मायके वाले घर के खिलाफ नोटिस जारी करवाकर बुलडोजर चलवाने की धमकी देते हैं। इससे पूरे परिजन परेशान हैं।
0 टिप्पणियाँ