10वीं का परीक्षा परिणाम किया जारी
लखनऊ। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई)ने 10वीं के परिणाम में लखनऊ के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। शहर में कई विद्यार्थियों ने 99 प्रतिशत अंक हासिल कर शहर का नाम रोशन किया। छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों और अभिभावकों को दिया। लखनऊ से अनवी द्विवेदी, अक्षरा पांडेय, आरव तिवारी, शगुन पांडेय को 99 प्रतिशत अंक मिले हैं। रानी लक्ष्मी बाई मेमोरियल स्कूल सेक्टर-14 विकास शाखा की अक्षरा पांडेय ने भी 99 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल का नाम रोशन किया है, जबकि अदित्रि गुप्ता को 98.4 प्रतिशत और अविका यादव को 98.2 प्रतिशत अंक मिले हैं। रायबरेली रोड स्थित लखनऊ पब्लिक स्कूल (सीपी सिंह फाउंडेशन) की छात्रा अनवी द्विवेदी को 99 प्रतिशत अंक मिले हैं। वहीं दाक्षी अग्रवाल ने 97.8 प्रतिशत स्कोर किया और पीयूष राज को 94.2 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं। वहीं डीपीएस इंदिरानगर की छात्रा स्थिति गुप्ता का और अनिका चौधरी को 98.8 फीसदी अंक मिले हैं। बता दें कि इस बार लखनऊ रीजन का रिजल्ट 91.63 प्रतिशत रहा। जबकि पिछले वर्ष ये 91 प्रतिशत था। इस बार इसमें सुधार दर्ज किया गया है। परीक्षा जो 17 फरवरी से 11 मार्च के बीच आयोजित हुई थी।मिठाई खिलाकर एक दूसरे को दी बधाई
सीबीएसई 10वीं की परीक्षा में इस वर्ष भी रानी लक्ष्मीबाई मेमोरियल स्कूल के मेधावियों ने अपना दबदबा कायम रखा। इस मौके पर सभी छात्र-छात्राएं सेक्टर-14 इंदिरानगर शाखा में एकत्र हुए। सभी मेधावियों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। इस मौके पर संस्थापक जयपाल सिंह, निदेशक निर्मल टंडन, निदेशक नरेन्द्र प्रताप सिंह, मोहिंदर सिंह व शिक्षकों ने मेधावियों को माला पहनाकर व मुंह मीठा कराकर उन्हें बधाई दी। उन्होंने सभी मेधावियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एसकेडी के यर्थाथ 98.6 प्रतिशत लाकर बने स्कूल टॉप
एसकेडी एकेडमी के छात्रों ने कक्षा 10वीं परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। इस वर्ष भी विद्यालय का परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत रहा। विद्यालय के छात्र यथार्थ कुशवाहा ने 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं विनायक मिश्रा ने 97.8 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान तथा कनक सिंह ने 97.4 प्रतिशत अंक अर्जित कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर एसकेडी के निदेशक मनीष सिंह ने छात्रों एवं शिक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सभी के समर्पण और टीम वर्क का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये विद्यार्थी भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर देश और समाज का नाम रोशन करेंगे।
एलपीएस छात्रों ने किया शानदार प्रदर्शन
केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणामों में लखनऊ पब्लिक स्कूल्स एंड कॉलेजेज के विद्यार्थियों ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम गौरवान्वित किया है। इस सत्र में कुल 1241 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। गोमती नगर शाखा की दाक्षी अग्रवाल ने 97.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त कृतिका मौर्या ने 97.2 प्रतिशत, अदिति पांडेय ने 97 प्रतिशत, दिव्यांश सिंह ने 96.4प्रतिशत, विशद पालीवाल ने 96 प्रतिशत तथा पीयूष राज ने 94.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं वृंदावन योजना शाखा की मान्या मिश्रा ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आदित्य शर्मा, सृष्टि वर्मा एवं अदम्य शर्मा ने 96.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। जबकि शुभि ने 94 प्रतिशत अंक अर्जित किए। वहीं आम्रपाली योजना शाखा की आराध्या अवस्थी ने 96.8 प्रतिशत, ज्योतिका श्रीवास्तव ने 96.6 प्रतिशत तथा अविरल शुक्ला ने 96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस मौके पर संस्थान के चैयरमैन व सांसद डॉ. एसपी सिंह ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं प्रधानाचार्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की अथक मेहनत, शिक्षकों की समर्पित प्रतिबद्धता तथा अभिभावकों के निरंतर सहयोग का परिणाम है। वर्तमान समय अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक है, अत: विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अभी से सुनियोजित तैयारी प्रारंभ करनी चाहिए।


0 टिप्पणियाँ