google.com, pub-1705301601279513, DIRECT, f08c47fec0942fa0/> नगर निगम सदन में कांग्र्रेस-भाजपा पार्षदों के बीच हंगामा

Pages

नगर निगम सदन में कांग्र्रेस-भाजपा पार्षदों के बीच हंगामा

 सफाई व्यवस्था ध्वस्त होने पर एलएसए व लॉयन एन्वॉयरो से मांगा जवाब

सोलर पैनल लगाने वाले मकानों को टैक्स में छूट के मुद्दे पर भिडेÞ भाजपा पार्षद

लखनऊ। नगर निगम सदन की बैठक बुधवार सुबह 9 बजे शुरू हुई। बैठक शुरू होते ही शहर में वेपटरी डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के मुद्दे पर हंगामा शुरू हो गया। निजी कंपनी एलएसए व लॉयन इन्वॉयरो की वजह से शहर में ध्वस्त हो चुकी कूड़ा उठान को लेकर सदन अखाड़ा बन गया। करीब दो घंटे तक चले सदन में निजी कंपनी के प्रतिनिधियों, नगर निगम के नगर स्वास्थ्य अधिकारी व पर्यावरण अभियंता से जवाब मांगा गया लेकिन सत्ता व विपक्ष के पार्षदों के बीच ही नोक-झोंक से समस्या को कोई हल नहीं निकल सका। 

सदन की बैठक शुरू होते ही कांग्रेस पार्षदे मुकेश सिंह चौहान ने कूड़ा उठान न होने का मुद्दा उठाया। इस पर भाजपा पार्षद नागेंद्र सिंह चौहान ने कहा पहले पुष्टि पर चर्चा होगी। इस पर दोनों पक्षों में बहस हो गई। पिछले सदन की पुष्टि की कार्यवृत्ति पर सवाल उठाते हुए पार्षद ने कहा उनके व्यक्तव्य हो हटा दिया गया, ऐसा क्यों किया गया। भाजपा पार्षद भूपेंद्र शर्मा ने भी आपत्ति जताई और उनके व्यक्तव्य को हटाने पर सवाल किया। हंगामे के बाद सोलर पैनल वाले मकानों को टैक्स में छूट न दिए जाने का मामला कांग्रेस पार्षद मुकेश सिंह चौहान ने सदन में रखा। इसी बीच भाजपा पार्षद नागेंद्र सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि किसी को कुछ नहीं आता, चुनाव चिह्न छाता। इस बात पर महापौर सुषमा खर्कवाल भड़क गईं। उन्होंने नागेंद्र सिंह से कहा कि आपको दिक्कत है तो सदन छोड़कर चले जाइए। वहीं, नागेंद्र सिंह की बात पर भाजपा पार्षद मुन्ना मिश्रा ने कहा कि कोई सदन क्यों छोड़कर चला जाए? हम अपनी बात कहेंगे। इसके बाद नागेंद्र सिंह ने माफी मांगते हुए कहा कि उन्होंने मेयर को नहीं, बल्कि सिस्टम को कहा था। अगर मेयर को बुरा लगा तो इसके लिए वह माफी मांगते हैं। इसके बाद मामला शांत हो गया। इस बीच भाजपा पार्षद सौरभ सिंह मोनू व नामित पार्षद नेहा सिंह ने भी अपनी ही पार्टी के पार्षद के विरोध में उतर आए।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी और पर्यावरण अधिकारी से मांगा जवाब

कूड़ा उठान में ध्वस्त व्यवस्था पर महापौर ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी और पर्यावरण अधिकारी से जवाब मांगा कि असम में चुनाव के चलते निजी संस्था के कर्मियों के जाने से शहर की सफाई व्यवस्था ध्वस्त हुई। इस पर क्या काम किया गया? नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीके श्रीवास्तव ने कहा कि स्वीपिंग का काम प्रभावित नहीं हुआ। एलएसए और लायन एनवायरो की जिम्मेदारी पर्यावरण अभियंता की है। पर्यावरण अधिकारी संजीव प्रधान ने कहा कि इसके लिए संस्थाओं को नोटिस जारी किया गया है। पार्षदों ने इस पर कहा कि आपने सिर्फ नोटिस जारी किया और कुछ नहीं किया।

स्कूल भवनों के पुनर्मूल्यांकन का प्रस्ताव पारित

शहर के सभी स्कूल भवनों का 15 मई 2026 तक पुनर्मूल्यांकन कराने का प्रस्ताव पास किया गया। महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। सदन में सेंट जोसेफ विद्यालय समूह की ओर से नगर निगम के स्थायी कर्मचारियों के बच्चों के लिए ट्यूशन फीस में 50 प्रतिशत छूट देने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया। महापौर सुषमा खर्कवाल ने सभी टैक्स इंस्पेक्टरों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी प्राइवेट व्यक्ति के माध्यम से टैक्स वसूली न कराई जाए। 


सीएम ग्रिड योजना में सड़क निर्माण को मिली मंजूरी

सदन में सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण और विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। इसमें भारतेंदु हरिश्चंद्र वार्ड, इग्नू रोड क्षेत्र सहित अन्य प्रमुख मार्गों के निर्माण कार्य शामिल हैं। इसके साथ ही गोल मार्केट से कपूरथला चौराहा और रजनीखंड क्षेत्र में भी सड़क विकास कार्यों के लिए धनराशि की किश्तें स्वीकृत की गई। माननीय महापौर ने समस्त जोनल अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि सीएम ग्रिड की सड़कों पर अगर कोई भी अतिक्रमण पाया गया तो उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।

सीवरेज और जल निकासी परियोजनाओं को स्वीकृति

शहर में जलभराव की समस्या के समाधान हेतु कई सीवरेज और जल निकासी परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। लोहिया नगर, विकास नगर और भवानीगंज वार्ड क्षेत्र में नालों के निर्माण एवं कवरिंग के कार्य को मंजूरी दी गई। इसके अलावा अमौसी रेलवे स्टेशन क्षेत्र में भूमिगत पाइप द्वारा नाला निर्माण कार्य को भी स्वीकृति दी गई।

तालाब और नदी संरक्षण पर विशेष ध्यान

बैठक में पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए तालाबों के सौंदर्यीकरण और संरक्षण से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। आलमनगर वार्ड स्थित घोबीघाट तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य तथा कुकरेल नदी के डिसिल्टिंग कार्य के लिए धनराशि स्वीकृत की गई।

उपवन के विकास को मिला विशेष महत्व*

बैठक में शहर के उपवनों और पार्कों के विकास पर विशेष जोर दिया गया। वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में पार्कों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए बजट स्वीकृत किया गया। ग्राम नटकुर के अंतर्गत विभिन्न खसरा नंबरों पर पार्क निर्माण और मियावाकी पद्धति से हरित क्षेत्र विकसित करने का निर्णय लिया गया। इससे शहर में हरित क्षेत्र बढ़ेगा, पर्यावरण संतुलन मजबूत होगा और नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होंगे।

यह प्रस्ताव भी हुए पास

टैक्स वसूली के कार्य में निजी व्यक्ति नहीं लगेंगे

पार्कों में सोलर लाइट लगाने का प्रस्ताव स्वीकृत

ट्रांसफर स्टेशनों के निर्माण कार्य को 30 अप्रैल तक होंगे तैयार

कार्यदायी संस्थाएं 75 प्रतिशत कर्मचारी लोकल स्तर पर भर्ती करें

10 महत्वपूर्ण शासनादेश अंगीकृत किये गये


दस नामित पार्षदों ने मांगे अधिकार

नगर निगम सदन की बैठक में बुधवार को पहली बार 10 नामित पार्षद भी बैठे। हालांकि इन पार्षदों को बोलने का मौका नहीं मिला। इस बीच नामित पार्षद अखिलेश गिरी गले में हमारे भी अधिकार की तख्ती टांग सदन के बीच आ गए। इस पर मेयर ने कहा कि इसे निकालिए। बता दें कि शासन ने करीब 2 महीने पहले गणेश वर्मा, दीप जायसवाल, रूपचंद अग्रवाल, पंकज बोस, किशन पाल, संतोष सिंह बलखंडी, नेहा सिंह, अखिलेश गिरी, मधुबाला त्रिपाठी और पुरुषोत्तम पुरी को नामित पार्षद बनाया था। बुधवार को सभी सदन की बैठक में मौजूद थे। नियम के मुताबिक नामित पार्षदों को किसी तरह की निधि नहीं मिलती है और न ही वोटिंग करने का अधिकार प्राप्त है। 





एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ