Pages

सपा से वंदना, बसपा से शाहीन, निर्दलीय आशा ने किया नामांकन

लखनऊ। नगर निगम चुनाव में महापौर पद के लिए रविवार को तीन उम्मीदवारों ने नामांकन किया। सपा से वंदना मिश्रा, बसपा से मो. सरवर मलिक की पत्नी शाहीन बानो ने नगर निगम मुख्यालय में नामांकन पर्चा दाखिल किया। नामांकन के दौरान वंदना मिश्रा के साथ पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा मौजूद रहे। निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर आशा मिश्रा ने नामांकन किया। वहीं, 110 वार्डों से 193 उम्मीदवारों ने पार्षद पद के लिए भी नामांकन किया।

महापौर पद के लिए समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी पूर्व पत्रकार समाजसेवी वंदना मिश्रा ने सपा के जिला कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ नगर निगम मुख्यालय स्थित नामांकन कक्षा में अपना पर्चा दाखिल किया। इससे पूर्व सपा वंदना मिश्रा का जिला कार्यालय में तमाम सपा कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। नामांकन प्रक्रिया समाप्ति के एक दिन पहले नामांकन स्थलों पर उम्मीदवारों के पर्चा दाखिल करने की भीड़ उमड़ी। बसपा प्रत्याशी शाहीन बानो महापौर पद के लिए नामांकन कराने निगम मुख्यालय स्थित कक्ष में पहुंची, वहां पहले से ही उम्मीदवार उनके प्रस्तावक मौजूद थे। इसके चलते कुछ समय के लिए कक्ष में हाउसफुल जैसी स्थिति हो गई। असल में कुछ उम्मीदवारों के साथ पांच से अधिक लोग गए थे। कई उम्मीदवार होने के चलते पुलिस के लिए उनके प्रस्तावकों की गिनती करना मुश्किल हो रहा था।

आईटी विशेषज्ञों से सर्वे कर समस्याओं को करेंगे निदान : वंदना

वंदना मिश्रा ने कहा कि अपनी प्राथमिकताओं को गिनाते हुए कहा कि पिछले 20 सालों में नवाबों का शहर बेहिसाब बढ़ा है। मगर उस अनुपात में नागरिक सुविधाएं नहीं बढ़ी हैं। इस समस्या के निवारण के लिए आईआईटी सहित इस क्षेत्र से संबंधित अन्य प्रोफेशनल्स से शहर का एक विस्तृत वैज्ञानिक सर्वे कराकर, उनके निवारण के लिए एक ब्लू प्रिंट बनवा कर शहर को नागरिक सुविधाओं में देश मे अग्रणी बनाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक रहेगा। इसके अलावा गोमती को कैसे स्वच्छ बनाया जाए, ड्रेनेज को और कैसे वैज्ञानिक तरीके से जोड़ते हुए और पानी का शोधन करके गोमती को उसके पुराने स्वरूप में लौटाया जा सके। नगर निगम को हरियाली युक्त करना, साफ-सफाई सहित कूड़ा प्रबंधन को और मजबूत करना, मानसून पूर्व नालों की सफाई और नालों को अतिक्रमण मुक्त करना, सिल्ट निकासी, उनकी प्राथमिकताओं में से एक होगा। ताकि शहर को जलभराव की समस्या से जूझना पड़े। कहा कि नगर निगम से संचालित प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय को और सुविधाओं से सम्पन्न करना उनकी प्राथमिकताओं में एक है ताकि छात्र छत्राओं को पढ़ने का एक बेहतर माहौल मिल सके। छात्राओं के लिए डिग्री कालेज खुलवाना, हर वार्ड में एक सार्वजनिक पुस्तकालय बनवाना भी इनमें शामिल है।

 भाजपा ने शोषण किया, फर्जीवाडे की कराएंगे जांच 

वंदना ने नामांकन दाखिल करने के बाद कहा कि नगर निगम में पिछले 25-30 सालों से महापौर के पद पर भाजपा काबिज है। देश और प्रदेश में भी भाजपा का राज है इसके बाद भी सूबे की राजधानी लखनऊ में मूलभूत नागरिक सुविधाओं का अभाव है। भाजपा ने अपने शासनकाल में सिर्फ शोषण किया है। पीआर के दम पर जनता को सिर्फ सपनीले वादे किए है। उनको जमीन पर नही उतारा है। हम अपनी पार्टी की तरफ से लखनऊ की जनता को आश्वस्त करते है कि वादों को पूरा करेंगे और एक ऐसी व्यवस्था भी देंगे जहां लोगों की समस्याओं के निवारण के लिए एक सुगम सिंगल विंडो जवाबदेह सिस्टम का भी निर्माण हो ताकि लोगो को तुरंत राहत मिल सके। भाजपा के राज आज लखनऊ बदहाल है। लखनऊ उसी पुरानी रंगत में लौटाना ही मेरी प्रमुख प्राथमिकता होगी। वंदना ने कहा कि पिछले दिनों घरों के फर्जी सर्वे करवा कर जो हाउस टैक्स बढ़ाया गया है उसे निरस्त कर फजीर्वाड़े की जांच कराएंगे।

वंदना के पास 1.90 करोड़ की संपत्ति

वंदना मिश्रा के पास 50 हजार रुपये नकद पति प्रो. रमेश दीक्षित के पास एक लाख रुपये नकद हैं। दोनों के पास लगभग दो करोड़ की चल अचल संपत्ति है। कई कंपनियों में बॉंड्स शेयर हैं। आयकर जमा करती हैं।

हर मोहल्ले में खोलेंगे छोटी क्लीनिक: शाहीन बानो

बसपा उम्मीदवार शाहीन बानो के पति मो. सरवर मलिक का कहना है कि शहर के विकसित इलाकों को साफ-सुथरा बनाने, सड़क नाली का विकास कराना हमारा उद्देश्य रहेगा। स्मार्ट सिटी योजना के तहत अभी अधूरे काम हैं उन्हें पूरा कराना होगा। मोहल्लों में छोटे-छोटे क्लीनिक खोलकर लोगों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराएंगे। नगर निगम की आय बढ़ाने के साथ ही हर वर्ग को नागरिक सुविधाओं पहुंचाने का काम करेंगे। 45 वर्षीय शाहीन बानो सीतापुर रोड मदेहगंज की निवासी हैं। हाईस्कूल से लेकर स्नातक तक की शिक्षा गोरखपुर में हुई है। जव्वादअली शाह इमामबाड़ा मुस्लिम गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, गोरखपुर से वर्ष 2000 में स्नातक की डिग्री हासिल की। शाहीन पहली बार चुनावी रण में उतर रही हैं। हालांकि उनके पास राजनीति का अनुभव है।

 क्या है शाहीन बानो की सामाजिक पृष्ठभूमि

शाहीन बानो छवि एक समाजसेविका के रूप में हैं। साल 2016 से बसपा सुप्रीमो मायावती के निर्देशानुसार लागातार पार्टी में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह्न करते हुए सक्रिय भूमिका निभाई है। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में मोहम्मद सरवर टीएमसी के टिकट पर चुनाव लड़े थे और इस दौरान उनकी पत्नी शाहीन बानो ने चुनाव का संचालन किया। इसके अलावा साल 2022 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह्न किया था। शाहीन बानो ने मलिक फाउंडेशन के माध्यम से बेसहरा असहाय कन्याओं का विवाह करवाया है। इसके साथ ही कोरोना काल में गरीब, मजलूम और जरूरतमंद लोगों के लिए राशन की व्यवस्था भी की। इसके साथ ही उन्होंने युवा और सामाजिक न्याय पर कार्य करते हुए समाज के लिए कार्य किया।

 

कई करोड़ की हैसियत रखती हैं शाहीन बानो

शाहीन बानो के पास 31.96 करोड़ रुपये की कुल चल संपत्ति है जबकि शाहीन पति सरवर मलिक के नाम से करीब 24 करोड़ की कीमत की दुकानें व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं। शाहीन के पास 20,000 रुपये मलिक के पास 15 हजार रुपये नकद हैं। दोनों के कई बैंक खातों के साथ कई वित्तीय संस्थानों में लाखों के शेयर हैं। शाहीन के पास 8.20 लाख सरवर के पास 11.35 की गोल्ड ज्वेलरी है। बाराबंकी, देवा रोड पर लाखों की कीमत के प्लाट हैं। वित्तीय लोन भी है।

 

अध्यक्ष पद के लिए 19 नामांकन दाखिल

लखनऊ। नामांकन प्रक्रिया के छठे दिन मेयर पद के लिए 11 फार्म भी बिके। सपा से वंदना मिश्रा ने पांच सेट, जन अधिकारी पार्टी से लक्ष्मी कुश्वाहा, एआईएमआईएम से फरहत नबी, आप से अंजू भट्ट, सुभासपा से अल्का पाण्डे, निर्दलीय से मालती पाण्डे ने फार्म खरीदा है। वहीं अध्यक्ष पद के लिए 19 नामांकन दाखिल किये गये। इसके अलावा पार्षद पद के लिए 193 और पंचायत सदस्य के लिए 197 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किये। पार्षद प्रत्याशी के लिए सबसे ज्यादा जोन 6 और सात में सबसे ज्यादा पर्चे दाखिल हुए। जोन 6 में 47 और जोन सात में 46 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। वहीं जोन एक में 8, जोन 2 में 13, जोन तीन में 17, जोन चार में 16, जोन पांच में 13, जोन 6 में 47, जोन सात में 46 और जोन आठ में 33 प्रत्याशियों ने नामांकन किया।

इसके अलावा अध्यक्ष पद के लिए नगर पंचायत काकोरी में 2, बंथरा में 3,बीकेटी में 4, गोसाईगंज में 1,अमेठी में 2, नगराम में 3, मोहनलालगंज में 2, महोना में 2 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। इसी क्रम में पंचायत सदस्य के लिए काकोरी में 17, बंथरा में 23, मलिहाबाद में 45, मोहनलालगंज में 23, बीकेटी मं 30, नगराम में 12, इटौंजा में 14, गोसाईगंज में 12, अमेठी में 13 और महोना में 8 प्रत्याशियों ने पर्चा भरा। रविवार को मेयर पद के 11 फार्म, पार्षद के लिए 235,  अध्यक्ष के लिए 21 और सदस्य पद के लिए 50 फार्मों की बिक्री हुई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ