Pages

जानकीपुरम वार्ड प्रथम : परिजनों संग व्यापारी नेताओं ने संभाली BJP प्रत्याशी के चुनाव प्रचार की कमान

लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा)। राजधानी में चुनाव प्रचार चरम पर है और प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। वैसे तो प्रत्याशी क्षेत्र के सभी इलाकों में घर-घर दस्तक देने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। वहीं सियासी सूरमाओं के साथ चुनावी रण में उनके परिजनों व व्यापारी नेताओं ने भी मोर्चा संभाल लिया है। जानकीपुरम वार्ड प्रथम से भाजपा प्रत्याशी निशा तिवारी के चुनाव प्रचार की कमान उनके पुत्र व व्यापारी नेता सौरभ तिवारी और गौरव तिवारी सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने संभाल रखी है। पति मनोज तिवारी पत्नी, देवर प्रमोद तिवारी भाभी, पुत्र सौरभ तिवारी व गौरव तिवारी अपनी मां तो बहु एकता तिवारी सास की जीत सुनिश्चित करने के लिये जोरशोर से लगे हैं और उनका अधिकांश समय जनता के बीच गुजर रहा है। उनका कहना है कि वह केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व भाजपा की नीतियों को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनसंपर्क के दौरान काफी जनसमर्थन मिल रहा है। प्रत्याशी निशा तिवारी महिला सुरक्षा सहित महिलाओं के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं और क्षेत्र में कराए गए कार्यों को लेकर भी जनता के बीच जा रही हैं। उन्होंने बताया कि जलभराव से निजात दिलाना, सरकारी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराना, केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को लाभार्थियों को मुहैया कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

वैसे तो लगभग सभी व्यापारी संगठन भाजपा का समर्थन करने के साथ ही पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। वहीं महिला आरक्षित जानकीपुरम वार्ड प्रथम से भारतीय जनता पार्टी ने भारतीय जन उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ तिवारी की मां निशा तिवारी को चुनाव मैदान में उतारा है। ऐसे में संगठन के पदाधिकारी भी चुनाव प्रचार की कमान संभाले हुए है। संगठन के प्रदेश संरक्षक एसडी सिंह वैश्वारा, प्रदेश महामंत्री देवेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष पंकज दीक्षित, प्रदेश कोषाध्यक्ष विवेक शुक्ला, प्रदेश मंत्री विनोद सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी जितेंद्र यादव, जिलाध्यक्ष विशाल रावत के अलावा वीरेंद्र दीक्षित, महेश तिवारी व विमल चौबे सहित अन्य व्यापारी नेता घर-घर दस्तक देकर महापौर प्रत्याशी सुषमा खर्कवाल व पार्षद प्रत्याशी निशा तिवारी को जिताने की अपील कर रहे है। वही किशन सिंह सोशल मीडिया की जिम्मेदारी संभाले हुए है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ